जनसंवाद का सशक्त माध्यम है सोशल मीडिया
श्रीनगर गढ़वाल। भाजपा की जिला स्तरीय सोशल मीडिया बैठक मंगलवार को श्रीनगर स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित हुई। केंद्रीय सोशल मीडिया प्रभारी मनन दाणी और प्रदेश सह-संयोजक करुण दत्ता ने जिला एवं मंडल पदाधिकारियों को डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।
मनन दाणी ने कहा कि सोशल मीडिया जनसंवाद का सशक्त माध्यम है। इसके जरिए पार्टी की नीतियों, सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों को आमजन तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने विधानसभा चुनाव-2027 के दृष्टिगत सोशल मीडिया टीम को सक्रिय, संगठित और तकनीकी रूप से दक्ष बनाने पर जोर दिया। करुण दत्ता ने पदाधिकारियों से नियमित सक्रियता बनाए रखने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत ने भी जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला सोशल मीडिया संयोजक सीमा भंडारी सहित जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे।
