जमालपुर कला से रिंग रोड अंडरपास तक सड़क चौड़ीकरण की मांग

हरिद्वार। जमालपुर कला से रिंग रोड अंडरपास तक सड़क चौड़ीकरण की मांग को लेकर भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला महामंत्री विपिन चौधरी ने मेला अधिकारी एवं एचआरडीए की उपाध्यक्ष सोनिका से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों को संकरी सड़क के कारण स्थानीय लोगों को हो रही परेशानियों और दुर्घटनाओं के खतरे से अवगत कराया।
विपिन चौधरी ने बताया कि करीब तीन मीटर चौड़ी इस सड़क पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। उन्होंने कुंभ मेले की तैयारियों के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्यों के साथ मार्ग के दोनों ओर एक-एक मीटर चौड़ाई बढ़ाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ी होने से यातायात सुगम होगा और दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने जनहित में प्रस्ताव पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। इस दौरान भाजपा नेता नाथीराम चौधरी भी मौजूद रहे।
