देहरादून के 19 शैडो एरिया में पहुंचेगा मोबाइल नेटवर्क, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जनपद के सभी नेटवर्क विहीन और कमजोर कनेक्टिविटी वाले क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध कराने के निर्देश जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने दिए हैं। गुरुवार को जिला टेलीकॉम समिति एवं नेशनल ब्रॉडबैंड मिशन की समीक्षा बैठक में उन्होंने आचार संहिता लागू होने से पहले सभी चिह्नित क्षेत्रों में कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने को कहा।
जनपद में कुल 19 शैडो एरिया चिह्नित हैं, जिनमें मसूरी विधानसभा क्षेत्र के सात और चकराता के 12 क्षेत्र शामिल हैं। डीएम ने निष्क्रिय मोबाइल टावरों को तत्काल चालू करने और जहां टावर नहीं हैं, वहां प्राथमिकता से नए टावर स्थापित करने के निर्देश दिए। बीएसएनएल के अनुसार, जनपद के 767 गांवों में से 597 में कनेक्टिविटी उपलब्ध है, जबकि 170 गांव अभी नेटवर्क से वंचित हैं। वहीं, भारतनेट परियोजना के प्रथम चरण में 69 ग्राम पंचायतों की कनेक्टिविटी फाइबर कटने से प्रभावित है। दूसरे चरण में 228 ग्राम पंचायतों में से 189 जुड़ चुकी हैं और 39 में कार्य जारी है। डीएम ने वन एवं राजस्व भूमि से जुड़ी समस्याओं का संबंधित विभागों के समन्वय से समाधान करने तथा लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता है।
