जिलाधिकारी ने तहसील दिवस में सुनी समस्याएं, दिए निर्देश

टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में नरेंद्रनगर तहसील सभागार में तहसील दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने सड़क, आपदा मुआवजा, सिंचाई, संपर्क मार्ग और विद्यालय भवन से संबंधित समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता और समयबद्धता के साथ निस्तारण के निर्देश दिए। आगराखाल-कुशरेला मार्ग पर जलभराव की शिकायत पर लोनिवि को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। आपदा से क्षतिग्रस्त मकान के मुआवजे के लिए तहसीलदार को जांच कर आख्या देने को कहा गया। सिंचाई गूल और नरेंद्रनगर-तलाई मार्ग की समस्याओं पर भी संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विद्यालय के क्षतिग्रस्त भवन के मामले में भी आवश्यक कार्रवाई को कहा गया।

जिलाधिकारी ने किया नरेंद्रनगर तहसील का निरीक्षण
टिहरी। तहसील दिवस के बाद जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल ने नरेंद्रनगर तहसील का निरीक्षण कर कार्यालयी व्यवस्थाओं एवं अभिलेखों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों की टेबल पर नाम व पदनाम अंकित करने तथा लंबित प्रकरणों की पंजिकाएं नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अभिलेखागार एवं कर्मचारियों की सर्विस बुक का भी निरीक्षण किया। कुछ सर्विस बुक में ईएल और इंक्रीमेंट संबंधी प्रविष्टियां लंबित मिलने पर नाराजगी जताई और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। नामांतरण वादों की समीक्षा के दौरान स्वीकृति के बावजूद खतौनी में प्रविष्टियां विलंब से किए जाने पर रजिस्ट्रार कानूनगो से स्पष्टीकरण तलब किया। जिलाधिकारी ने सभी स्वीकृत नामांतरण प्रकरणों में खतौनी तत्काल अद्यतन करने के निर्देश दिए।
