हिस्ट्रीशीटर 435 ग्राम चरस और 14.50 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार

ऋषिकेश। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने चेकिंग के दौरान हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त गुरुचरण सिंह उर्फ मुन्ना को 435 ग्राम चरस और 14.50 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार 25 सितंबर को श्यामपुर चौकी क्षेत्र के जंगलात रोड, गुज्जर प्लॉट में संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर जंगल की ओर जाने लगा। पीछा कर रोकने के बाद तलाशी में चरस, स्मैक, दो मोबाइल फोन और 1900 रुपये बरामद हुए।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार गुरुचरण सिंह ऋषिकेश कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ मादक पदार्थों, अवैध शराब तस्करी सहित विभिन्न अपराधों के 51 मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में शांति देवी और सौरभ बत्रा के भी तस्करी में संलिप्त होने की जानकारी सामने आई है। दोनों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
