हेमकुंड साहिब यात्रा की सुरक्षा व्यवस्थाओं का सीओ ने लिया जायजा

चमोली। हेमकुंड साहिब यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए पुलिस-एसडीआरएफ की तैयारियों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में सीओ कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा ने घांघरिया चौकी का औचक निरीक्षण कर कार्यालय, बैरक, मैस और परिसर की व्यवस्थाएं परखी। उन्होंने पुलिसकर्मियों से श्रद्धालुओं की आवाजाही, ड्यूटी व्यवस्था और संभावित चुनौतियों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने यात्रा मार्ग पर तैनात एसडीआरएफ टीम का निरीक्षण कर आपदा उपकरणों की उपलब्धता एवं स्थिति जांची। उन्होंने जवानों से उपकरणों के उपयोग और आपात स्थिति में राहत-बचाव कार्रवाई की जानकारी भी ली। निरीक्षण के दौरान चौकी प्रभारी अमनदीप सिंह और एसडीआरएफ जवान मौजूद रहे।
