गुरुद्वारों में धूमधाम से मनाई गई कार्तिक संक्रांत

हरिद्वार। कार्तिक महीने की संक्रांत पर शनिवार को शहर के विभिन्न गुरुद्वारों में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेककर आशीर्वाद लिया और रहिरास साहिब व सुखमनी साहिब का पाठ किया।
कनखल स्थित निर्मल संतपुरा गुरुद्वारे में महिलाओं ने शब्द कीर्तन से संगत को निहाल किया। संत जगजीत सिंह शास्त्री ने सत्संग और गुरु सेवा का महत्व बताया। वहीं, निर्मल विरक्त कुटिया डेरा कार सेवा ऐतिहासिक गुरुद्वारे में बाबा पंडत ने ज्ञान गोदड़ी गुरुद्वारे के लिए मूल स्थान उपलब्ध कराने की मांग उठाई। उन्होंने सरकार से शीघ्र निर्णय लेकर भव्य गुरुद्वारे के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और सिख समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
