ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर एडीएम ने दिए निस्तारण के निर्देश

टिहरी। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने जौनपुर विकासखंड के सैंजी गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया और विकास कार्यों व मूलभूत सुविधाओं की स्थिति जानी। ग्रामीणों ने लिंक रोड को पक्का करने, जलभराव की समस्या के समाधान के लिए जल निकासी व्यवस्था, पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए वाटर पार्क विकसित करने तथा सड़क कटान और लखवाड़ बांध परियोजना से संबंधित मुआवजे की समस्याएं उठाईं। एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर प्राथमिकता से समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए। सैंजी गांव अपनी कृषि परंपरा के कारण ‘मक्का विलेज’ के रूप में पहचान बना रहा है। यहां करीब 60-70 परिवार मक्का उत्पादन से जुड़े हैं। गांव में पारंपरिक ओखलियां भी आकर्षण का केंद्र हैं। एडीएम ने गांव में कनाडा से लौटे व्यक्ति द्वारा संचालित रेस्टोरेंट और उसकी आय से 150 से अधिक बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देने की पहल की सराहना की।
