गैंगस्टर एक्ट के तहत गैंग लीडर समेत दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज

देहरादून। संगठित अपराधों में लिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विकासनगर पुलिस ने गैंग लीडर शुभम त्यागी और उसके साथी संदीप के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। दोनों पर चोरी, नकबजनी, मादक पदार्थों की तस्करी सहित विभिन्न आपराधिक घटनाओं में शामिल रहने के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने दोनों आरोपियों का गैंग चार्ट तैयार कर जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर 19 नवंबर को कोतवाली विकासनगर में मुकदमा संख्या 354/26, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी संगठित गिरोह बनाकर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त थे और उनकी गतिविधियों से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था। पुलिस अब अपराधों के माध्यम से अर्जित की गई उनकी अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर जब्तीकरण की कार्रवाई करेगी। गैंग लीडर शुभम त्यागी निवासी शिक्षक कॉलोनी, रसूलपुर विकासनगर और गैंग सदस्य संदीप निवासी अस्पताल रोड, पूर्विया लाइन विकासनगर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!