अग्रसेन घाट से मालवीय घाट तक चलाया सफाई अभियान
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
हरिद्वार। मां गंगा की निर्मलता और घाटों की स्वच्छता के संकल्प के साथ एकम्स ग्रुप पिछले 18दृ19 वर्षों से लगातार स्वच्छता अभियान चला रहा है। आगामी कुंभ 2027 को देखते हुए कंपनी ने गंगा घाटों की सफाई के प्रयासों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया है। कंपनी की इस पहल का उद्देश्य घाटों को स्वच्छ रखने के साथ आमजन में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।
कॉर्पाेरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत एकम्स ग्रुप के उच्च प्रबंधन के नेतृत्व में कंपनी द्वारा निर्मित अग्रसेन घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें कंपनी के अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाईकर्मियों ने भाग लेकर घाट की सफाई की। इस वर्ष अभियान को व्यापक स्वरूप देते हुए अग्रसेन घाट से मालवीय घाट तक लगभग 2.7 किलोमीटर क्षेत्र में सफाई कार्य करने की योजना बनाई गई है।
कुंभ 2027 से पहले घाटों की स्वच्छता पर विशेष जोर
हरिद्वार में कुंभ 2027 की तैयारियों के बीच गंगा घाटों की स्वच्छता और भी महत्वपूर्ण हो गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए एकम्स ग्रुप ने सफाई कार्यों को प्रभावी बनाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की है। व्यापक क्षेत्र में सफाई के लिए अतिरिक्त श्रमिकों की सहायता भी ली जा रही है। कंपनी का प्रयास है कि कुंभ से पहले और आयोजन के दौरान भी घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय योगदान दिया जाए।

मां गंगा की स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी: संदीप जैन
एकम्स के प्रबंध निदेशक संदीप जैन ने कहा कि मां गंगा हमारी आस्था, संस्कृति और जीवन का अभिन्न अंग हैं। उनकी निर्मलता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। एकम्स पिछले लगभग दो दशकों से गंगा स्वच्छता के प्रयासों में योगदान दे रहा है और भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि गंगा में कचरा और प्लास्टिक न डालें तथा घाटों को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता
एकम्स ग्रुप की यह पहल पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक कल्याण के प्रति उसकी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है। अभियान में केडी शर्मा, इशांत कुमार, अमित, आशीष, राहुल, हरि शंकर, उज्ज्वल, मेघा और ऋत्विका सहित कंपनी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने गंगा की स्वच्छता बनाए रखने के प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
