ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर उद्योग प्रतिनिधियों से हुआ व्यापक संवाद

हरिद्वार। उद्योग विभाग, उत्तराखंड शासन एवं उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को रोशनाबाद स्थित एक होटल में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस विषय पर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में प्रदेश के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों, उद्योग संघों एवं प्रमुख औद्योगिक इकाइयों के 100 से अधिक प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यशाला का उद्देश्य उद्योगों के लिए कारोबारी प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी, समयबद्ध एवं निवेशक-अनुकूल बनाने तथा उद्योग जगत से सीधे सुझाव प्राप्त करना रहा। उद्योग प्रतिनिधियों ने विभागीय अनुमतियों, ऑनलाइन सेवाओं, सिंगल विंडो सिस्टम और कारोबार संचालन से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियां साझा कीं। अपर सचिव हिमानी पांडे ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बेहतर कारोबारी वातावरण विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। सचिव उद्योग विनय शंकर पांडे ने बताया कि प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण, समयबद्ध सेवाओं और सिंगल विंडो व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। महानिदेशक एवं आयुक्त उद्योग डॉ. सौरभ गहरवार ने कहा कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस सतत सुधार की प्रक्रिया है और उद्योगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्राथमिकता है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने विभागों को समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। कार्यशाला में उद्योग विभाग के अधिकारी एवं औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!