दूसरे चरण की चारधाम यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट

उत्तरकाशी। मानसून के बाद चारधाम यात्रा के दूसरे चरण को लेकर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने रविवार को यमुनोत्री धाम पहुंचकर यात्रा मार्ग और धाम की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने क्षतिग्रस्त रेलिंग व दीवारों की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए। करीब पांच किमी पैदल मार्ग पर पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शौचालय और सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीएम ने जिला पंचायत व सुलभ इंटरनेशनल को यात्रा मार्ग से कूड़ा और घोड़े-खच्चरों की लीद नियमित हटाने तथा शौचालयों की सफाई सुनिश्चित करने को कहा। स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों और दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। स्यानाचट्टी, पालीगाड, सिलाईबैंड और औजारी में पर्याप्त मशीनरी व कार्यबल तैनात कर यातायात सुचारू रखने को कहा। धाम में भीड़ नियंत्रण, घोड़ा-खच्चर संचालन, पेयजल, विद्युत, चेंजिंग रूम और सुरक्षा व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। पुलिस चौकी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था भी परखी।
