देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति समर्पित रहा सरदार पटेल का संपूर्ण जीवन: मुख्यमंत्री

             
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को घंटाघर, देहरादून स्थित भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में  योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व से देश की रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री ने कहा सरदार पटेल ने 560 से अधिक रियासतों के एकीकरण में निर्णायक भूमिका निभाकर एक सशक्त भारत की नींव रखी। उन्होंने कहा देश के पहले उप-प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के रूप में सरकार पटेल के कार्यों का प्रत्येक भारतवासी सदैव याद रखेगा इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल एवं अन्य लोग मौजूद रहे।


सरदार पटेल की जयंती पर दी श्रद्धांजलि

हल्द्वानी। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी के आजाद नगर स्थित कार्यालय में एकत्र हुए। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद विचार गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने सरदार पटेल के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और देश की 562 रियासतों के एकीकरण में निभाई गई भूमिका को याद किया।


जयंती पर रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित

टिहरी। राष्ट्रीय एकता दिवस पर एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस ने भद्रकाली पुलिस चौकी और कोतवाली कैम्पटी में स्वैच्छिक रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए। भद्रकाली में आयोजित शिविर में पुलिस, यातायात, जल पुलिस, होमगार्ड, एसडीआरएफ और स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों ने रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई। कैम्पटी में भी पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविरों में चिकित्सकीय टीम ने रक्तचाप सहित आवश्यक स्वास्थ्य जांच की और संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम व स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।


राष्ट्रीय एकता दिवस पर तीन पुलिसकर्मी सम्मानित

गोपेश्वर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर चमोली पुलिस ने पुलिस लाइन गोपेश्वर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया। पुलिस उपमहानिरीक्षक धीरेन्द्र गुंज्याल की मौजूदगी में अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। इस दौरान राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल के योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार को डीजीपी प्रशस्ति डिस्क सिल्वर, उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह को गोल्ड और मुख्य आरक्षी चंदन सिंह नगरकोटी को सिल्वर डिस्क से सम्मानित किया गया। इसके बाद डीआईजी ने पुलिस लाइन और कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं मजबूत करने के निर्देश दिए।


भव्य परेड के बाद सात पुलिसकर्मी सम्मानित

टिहरी। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर पुलिस लाइन चंबा में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप ने परेड की सलामी ली। इस दौरान सात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए डीजीपी गोल्ड एवं सिल्वर डिस्क से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में एसएसपी श्वेता चौबे, पुलिस उपाधीक्षक महेश कुमार लखेड़ा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजीवा कुमार, निरीक्षक कृष्णकांत आर्य, उपनिरीक्षक शिवशंकर उनियाल, आरक्षी रविन्द्र सिंह नेगी और महिला आरक्षी अनामिका शामिल रहे। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली।


रन फॉर यूनिटी से दिया एकता का संदेश

पौड़ी। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पौड़ी में एकता और नशामुक्ति का संदेश दिया गया। जिला कार्यालय में अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान ने अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इसके बाद कंडोलिया मैदान में ‘रन फॉर यूनिटी’ और ‘रन अगेंस्ट ड्रग्स’ का आयोजन हुआ। इसमें 150 से अधिक एनसीसी कैडेट्स और खेल विभाग के प्रशिक्षकों ने प्रतिभाग किया। जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी और जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया।


अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई शपथ

टिहरी। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर विकास भवन में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। इससे पूर्व सीडीओ सहित उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। सीडीओ ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण और रियासतों के एकीकरण में दिए गए योगदान को स्मरण किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


राष्ट्रीय एकता दिवस पर दिलाई शपथ

टिहरी। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा आपसी सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सरदार पटेल के देश की विभिन्न रियासतों के एकीकरण और अखंड भारत के निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को स्मरण किया। कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


राष्ट्रीय एकता दिवस पर कार्यक्रम आयोजित

श्रीनगर गढ़वाल। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. ओपी गोसाईं ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। विभागाध्यक्ष प्रो. एमएम सेमवाल ने सरदार पटेल के जीवन, कर्तव्यनिष्ठा और देशी रियासतों के एकीकरण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।


रन फॉर यूनिटी रैली को दिखाई हरी झंडी

रुद्रप्रयाग। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर अगस्त्यमुनि में तीन किलोमीटर लंबी ‘रन फॉर यूनिटी’ रैली आयोजित की गई। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया। इसमें खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजयनगर तक निकाली गई रैली के समापन पर विधायक ने प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ दिलाई।


डीएम ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई शपथ

रुद्रप्रयाग। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर जिला कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। डीएम ने कहा कि सरदार पटेल ने देशी रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक योगदान दिया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


कैबिनेट मंत्री के नेतृत्व में निकली ‘रन फॉर यूनिटी’

श्रीनगर गढ़वाल। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर मेडिकल कॉलेज श्रीनगर से श्रीकोट बाजार तक ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। शिक्षा मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने एमबीबीएस और पैरामेडिकल के छात्र-छात्राओं के साथ दौड़ में प्रतिभाग कर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीएमएस रावत सहित शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।


शहीदी दिवस और सरदार पटेल की जयंती मनाई

विकासनगर। तिलक भवन में शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी के शहीदी दिवस और सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। शहर अध्यक्ष विकास शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस दौरान अभिनव ठाकुर, आशीष पुंडीर, विपुल जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

राष्ट्रीय एकता दिवस पर 48 पुलिसकर्मी सम्मानित

देहरादून। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर पुलिस लाइन देहरादून में राष्ट्रीय एकता दिवस परेड आयोजित की गई। मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड ने परेड में प्रतिभाग कर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। डीजीपी ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 48 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस डिस्क एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। 


देहरादून में निकाली गई रन फॉर यूनिटी

देहरादून। राष्ट्रीय एकता दिवस पर एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस के नेतृत्व में आयोजित रन फॉर यूनिटी में युवाओं, स्कूली छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों ने भाग लेकर एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। इस दौरान स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशे, साइबर अपराध और महिला संबंधी अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई गई।


पुलिस ने ली एकता और अखंडता की शपथ

चमोली। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर चमोली पुलिस ने पुलिस लाइन गोपेश्वर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया। पुलिस उपमहानिरीक्षक धीरेन्द्र गुंज्याल की उपस्थिति में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। इस दौरान सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण और रियासतों के एकीकरण में दिए योगदान को याद किया गया। समारोह में उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क (सिल्वर), उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह को (गोल्ड) और मुख्य आरक्षी चंदन सिंह नगरकोटी को (सिल्वर) से सम्मानित किया गया।


दौड़ के जरिए दिया एकता का संदेश

लंबगांव। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस पर शनिवार को थाना लंबगांव पुलिस ने रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया। राजकीय महाविद्यालय लंबगांव से शुरू हुई दौड़ पिपलोगी बैंड तक आयोजित की गई। इसमें पुलिसकर्मियों, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, व्यापार मंडल और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने प्रतिभाग किया। दौड़ में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने भी सहभागिता की।

डीएम ने दिलाई राष्ट्रीय एकता दिवस पर शपथ

उत्तरकाशी। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को जिला कार्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट से जोशियाड़ा हेलीपैड तक रन फॉर यूनिटी आयोजित की गई, जिसे जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ में बालिका वर्ग में आंशिक मराठा, आंशिक चौहान और महक नेगी तथा बालक वर्ग में जयराज, नितिन और सुमित ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।

एसपी कमलेश सहित तीन पुलिसकर्मी सम्मानित

उत्तरकाशी। राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस लाइन ज्ञानसू में आयोजित रैतिक परेड में पुलिस महानिरीक्षक सुनील कुमार मीणा ने पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय सहित तीन पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क से सम्मानित किया। एसपी कमलेश उपाध्याय को गोल्ड, जबकि मुख्य आरक्षी बीना चौधरी और आरक्षी लायवर सिंह को सिल्वर डिस्क प्रदान की गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। स्कूली बच्चों ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। जिले के सभी थानों में भी एकता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!