दीपावली से पहले शुरू होगी ‘गंगा सारथी’ सेवा, प्रथम चरण में संचालित होंगी 20 इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट


हरिद्वार। धर्मनगरी में श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन की सुविधा देने के लिए दीपावली से पहले ‘गंगा सारथी’ इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट सेवा शुरू करने की तैयारी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और नगर आयुक्त नंदन कुमार की पहल पर नगर निगम हरिद्वार द्वारा प्रस्तावित इस सेवा से विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगजनों को राहत मिलेगी। नगर आयुक्त के अनुसार, पहले चरण में मुख्य डाकघर से हरकी पैड़ी और दूसरे चरण में हरकी पैड़ी से भीमगोड़ा कुंड तक लगभग ढाई किलोमीटर के क्षेत्र में गोल्फ कार्ट संचालित की जाएंगी। शुरुआती चरण में 20 इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट चलाने की योजना है।

20 रुपये होगा प्रस्तावित किराया

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत दोनों मार्गों पर प्रति यात्री किराया 20 रुपये निर्धारित किया गया है। स्थानीय व्यापारियों के लिए मासिक पास और विशिष्ट अतिथियों के लिए विशेष पास की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। यात्रियों की सुविधा के लिए तीन स्थानों पर टिकट काउंटर बनाए जाएंगे।

सुरक्षा और पर्यावरण पर जोर

गोल्फ कार्ट में जीपीएस ट्रैकिंग, अग्निशमन उपकरण और प्राथमिक उपचार किट उपलब्ध कराने की योजना है। मार्ग पर यातायात प्रबंधन और यात्रियों की सहायता के लिए प्रत्येक 100 मीटर पर मार्शल तैनात किए जाएंगे। सर्वानंद घाट के निकट मुख्य चार्जिंग स्टेशन और रखरखाव केंद्र तथा हरकी पैड़ी पर अतिरिक्त चार्जिंग केंद्र बनाने की योजना भी है। बैटरी से संचालित इन वाहनों से स्थानीय स्तर पर धुएं का उत्सर्जन नहीं होगा और ध्वनि प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी। नगर निगम को उम्मीद है कि सेवा शुरू होने से भीड़भाड़ वाले धार्मिक क्षेत्रों में श्रद्धालुओं का आवागमन अधिक सुविधाजनक होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!