दीपावली पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 25 नमूने जांच को भेजे
रुद्रप्रयाग। दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जनपद में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 25 खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनोज सेमवाल और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में रुद्रप्रयाग, तिलवाड़ा, जखोली और ऊखीमठ बाजार में कार्रवाई की गई।
टीम ने मिठाई, सरसों के तेल, सोनपापड़ी, रसगुल्ला, लड्डू, सूजी, दलिया, चीनी और पके हुए भोजन सहित कुल 25 नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजे। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ऊखीमठ में पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सत्येंद्र यादव के साथ मीट विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। अनियमितता मिलने पर एक विक्रेता को चेतावनी देते हुए नोटिस जारी किया गया। विभाग ने साफ-सफाई, गुणवत्ता और एक्सपायरी खाद्य सामग्री को लेकर निर्देश देते हुए मिलावट के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही।
