दीपावली पर 20 क्विंटल फूलों से सजा केदारनाथ धाम, आज बंद होंगे भैरवनाथ के कपाट

रुद्रप्रयाग। दीपावली के पावन पर्व पर विश्वप्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम को करीब 20 क्विंटल रंग-बिरंगे फूलों से भव्य रूप में सजाया गया है। मंदिर परिसर और बाबा केदार के दरबार की आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सदस्य डॉ. विनीत चंद्र पोस्ती ने धाम से प्रदेश और देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि दीपावली के अवसर पर आज केदारनाथ धाम के क्षेत्रपाल एवं रक्षक भगवान भुकुंड भैरवनाथ के कपाट शीतकाल के लिए विधि-विधान से बंद किए जाएंगे। इस दौरान स्थानीय हक-हकूकधारी, तीर्थ पुरोहित, मंदिर समिति के सदस्य तथा पुलिस और प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहेंगे। भैरवनाथ के कपाट बंद होने के साथ ही बाबा केदार के कपाट बंद करने की पारंपरिक प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। आगामी 11 नवंबर को विधि-विधान के साथ श्री केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे।
डॉ. पोस्ती ने श्रद्धालुओं से दीपावली पर धाम पहुंचकर दीप प्रज्वलित करने और दीपोत्सव को श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने मंदिर की मर्यादा और पवित्रता बनाए रखने तथा धार्मिक परंपराओं के पालन में सहयोग करने का भी आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!