बुग्यालों में खाकी ने उठाई स्वच्छता की जिम्मेदारी

चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत चमोली पुलिस ने बेदनी बुग्याल और पातर नचौणियां में स्वच्छता अभियान चलाया। इन दिनों मां नंदा की पावन जात यात्रा कठिन और दुर्गम पड़ावों से गुजर रही है। हजारों श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच हिमालयी क्षेत्रों की स्वच्छता बनाए रखना चुनौतीपूर्ण है। पुलिस जवानों ने यात्रा मार्ग और आसपास बिखरे कूड़े को एकत्र कर स्वच्छता का संदेश दिया। पुलिस ने कहा कि ड्यूटी केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि समाज और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी भी है। श्रद्धालुओं एवं आमजन से यात्रा के दौरान कूड़ा इधर-उधर न फेंकने तथा प्राकृतिक और धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई।
