भूपतवाला राजकीय महाविद्यालय में 3 नवंबर को तालाबंदी का ऐलान

हरिद्वार। भूपतवाला स्थित राजकीय महाविद्यालय की बदहाल व्यवस्थाओं और स्थायी भवन निर्माण की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं ने 3 नवंबर 2026 को तालाबंदी करने का ऐलान किया है। सामाजिक कार्यकर्ता मनोज निषाद और कपिल शर्मा जौनसारी के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है।
छात्रों का कहना है कि महाविद्यालय वर्ष 2021 से भीमगोड़ा स्थित मोहनानंद आश्रम के अस्थायी परिसर में संचालित हो रहा है। यहां बारिश में कक्षाओं की छत टपकती है और गर्मी में टीनशेड के नीचे पढ़ाई करना मुश्किल होता है। बंदरों के आतंक के साथ पुस्तकालय, कक्षाओं और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी भी परेशानी का कारण बनी हुई है। छात्रों ने परीक्षा परिणामों में अनियमितता और बिना कारण अनुपस्थित दर्शाकर अनुत्तीर्ण करने के आरोप भी लगाए हैं। स्थायी भवन सहित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर छात्र पहले भी धरना-प्रदर्शन, हस्ताक्षर अभियान और कक्षा बहिष्कार कर चुके हैं। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि सागर ठाकुर और सह सचिव दीक्षा जोशी के नेतृत्व में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के बाद ज्ञापन प्रभारी प्राचार्य डॉ. युवराज सिंह को सौंपा गया। एनएसयूआई अध्यक्ष यज्ञिक वर्मा और संस्कृत छात्र नेता रितेश शर्मा ने भी आंदोलन को समर्थन दिया है। कपिल शर्मा जौनसारी और यज्ञिक वर्मा ने चेतावनी दी कि मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा और महाविद्यालय से सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय अथवा मुख्यमंत्री आवास तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। हस्ताक्षर अभियान में शिवांगी, कनिका रतूड़ी, तनवी गुप्ता, पायल ठाकुर, ओम कश्यप, आदित्य गोसाईं, छवि, कोमल जोशी, प्राची सक्सेना, प्रियंका, वर्णिका और काजल तोमर सहित कई छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!