भूपतवाला की जनसमस्याओं को लेकर नितिन यादव ने सीडीओ को सौंपे दो ज्ञापन
हरिद्वार। भूपतवाला क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर समाजसेवी नितिन यादव यदुवंशी ने कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र के माध्यम से जिलाधिकारी को दो ज्ञापन सौंपे। उन्होंने गंगा पटरी मार्ग की बदहाली दूर करने और 26 साल पुराने पीठ बाजार के दुकानदारों को पुनर्वासित करने की मांग उठाई।
ज्ञापन में बताया गया कि भागीरथी बिंदु से गीता कुटीर तक गंगा किनारे स्थित पटरी मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त है। सड़क पर गहरे गड्ढे हैं और स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। इससे सुबह-शाम टहलने वाले क्षेत्रवासियों, दौड़ का अभ्यास करने वाले युवाओं और राहगीरों को परेशानी के साथ दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। आगामी स्नान पर्वों और कुंभ मेले को देखते हुए मार्ग के पुनर्निर्माण, मरम्मत और सौंदर्यीकरण की मांग की गई। दूसरे ज्ञापन में पीठ बाजार के दुकानदारों की समस्या उठाई गई। नितिन यादव के अनुसार, वर्ष 2000 से लग रहे इस बाजार में 150 से अधिक छोटे दुकानदार अपनी आजीविका चलाते थे। कुंभ मेले की तैयारियों के चलते बाजार बंद होने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोतीचूर स्टेशन मार्ग और निजी प्लॉट में दुकान लगाने वाले दुकानदारों से कुछ लोग 100 रुपये प्रति दुकान की अवैध वसूली कर रहे हैं और विरोध करने पर धमकियां दी जा रही हैं। नितिन यादव ने दुकानदारों को दूधाधारी चौक पर फ्लाईओवर के नीचे अथवा अन्य सरकारी भूमि पर अस्थायी बाजार लगाने की अनुमति देने, अवैध वसूली रोकने और नगर निगम के निर्धारित शुल्क की पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग की। उन्होंने प्रशासन से दोनों मामलों में शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया।
