भल्डगांव में 28वें दिन भी धरना जारी

चिन्यालीसौड़। विस्थापन की मांग को लेकर भल्डगांव में ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना 28वें दिन भी जारी रहा। सोमवार को जिला प्रशासन और टीएचडीसी पुनर्वास विभाग की टीम धरना स्थल पर पहुंची और ग्रामीणों से आंदोलन स्थगित करने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि 8 सितंबर को 14 गांवों के पूर्व ड्रोन सर्वे की रिपोर्ट पर बैठक प्रस्तावित है। हालांकि, ग्रामीणों ने धरना समाप्त करने से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें अब आश्वासन नहीं, बल्कि विस्थापन को लेकर ठोस निर्णय चाहिए। सामाजिक कार्यकर्ता गोपीनाथ सिंह रावत ने भी समाधान की मांग उठाई। ग्रामीणों के विरोध के बाद प्रशासन और टीएचडीसी की टीमें वापस लौट गईं।
