बैठक में सरकार को घेरने की रणनीति पर किया मंथन

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में चार्जशीट कमेटी की बैठक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में राज्य सरकार की कथित विफलताओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर व्यापक चार्जशीट तैयार करने पर चर्चा हुई। करण माहरा ने आरोप लगाया कि बेरोजगारी, महंगाई, खनन, भूमि घोटाले, कानून व्यवस्था और विकास कार्यों में ढिलाई से जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी और सरकार की कथित नाकामियों को जनता के सामने रखेगी। बैठक में बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, भू-कानून और भ्रष्टाचार को चार्जशीट में प्रमुखता देने का निर्णय लिया गया। पार्टी ने ब्लॉक और जिला स्तर पर आंदोलन की रणनीति पर भी विचार किया। बैठक में सूर्यकांत धस्माना, डॉ. प्रेम बाखुंडी, डॉ. प्रतिमा सिंह, अमरजीत सिंह समेत वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
