बैडमिंटन प्रतियोगिता में ऊधमसिंह नगर बना ओवरऑल चैंपियन

पौड़ी। कंडोलिया स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित 24वीं विद्यालयी राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। 22 से 24 अक्टूबर तक चली प्रतियोगिता में प्रदेश के 11 जनपदों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। ऊधमसिंह नगर ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता, जबकि महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून दूसरे और पौड़ी तीसरे स्थान पर रहा।
अंडर-14 वर्ग में अल्मोड़ा के यश बिष्ट, अंडर-17 में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के भारत और अंडर-19 में ऊधमसिंह नगर के देव बरगली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। समापन पर नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। इस अवसर पर जिला शिक्षाधिकारी बेसिक अंशुल बिष्ट सहित खेल प्रशिक्षक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
