बाल्मीकि चौक से शिवमूर्ति चौक तक चला पीला पंजा
हरिद्वार। शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमणमुक्त करने के लिए जिला प्रशासन का अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि के नेतृत्व में टीम ने बाल्मीकि चौक से शिवमूर्ति चौक तक सड़क किनारे, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों से अवैध अतिक्रमण हटाया। प्रशासन की कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा रहा। कई लोगों ने टीम के पहुंचते ही स्वयं सामान हटाना शुरू कर दिया, जबकि अन्य स्थानों पर प्रशासन ने सख्ती से अतिक्रमण हटाया। अधिकारियों ने सार्वजनिक मार्गों और सरकारी भूमि पर दोबारा कब्जा न करने की चेतावनी दी। अभियान में नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें मौजूद रहीं। आगामी कुंभ मेले के मद्देनजर अभियान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
