प्रशिक्षण के बाद 15 होमगार्ड हवलदार प्रशिक्षक मुख्यधारा में शामिल

देहरादून। पुलिस लाइन देहरादून में बुधवार को सात माह का गहन प्रशिक्षण पूरा करने वाले 15 होमगार्ड हवलदार प्रशिक्षकों की पासिंग आउट सेरेमनी आयोजित की गई। मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और पूरी निष्ठा व सत्यनिष्ठा से कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प दिलाया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं को भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, भारतीय साक्ष्य अधिनियम, भारतीय संविधान, पुलिस एवं होमगार्ड संगठन तथा कर्मचारी आचरण नियमावली की जानकारी दी गई। बाह्य प्रशिक्षण में शस्त्र प्रशिक्षण, फील्ड क्राफ्ट, पीटी/पीई, योग, परेड सहित विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। अंतःकक्ष परीक्षा में हवलदार प्रशिक्षक हिमानी करायत प्रथम रहीं, जबकि बाह्यकक्ष परीक्षा में सूरज सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। संपूर्ण प्रशिक्षण में ललित सिंह सर्वांग सर्वाेत्तम कैडेट रहे। उन्हें परेड कमांडर की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। एसएसपी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को ट्रॉफी व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, आरटीसी स्टाफ तथा प्रशिक्षुओं के परिजन मौजूद रहे।
