बाजपुर में 5 और मदरसों पर प्रशासन का शिकंजा, किए गए सील


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को निर्धारित नियमों, मानकों और आवश्यक मान्यता के अनुरूप संचालित कराने को लेकर सरकार की सख्ती लगातार जारी है। मुख्यमंत्री द्वारा स्पष्ट किया गया है कि प्रदेश में किसी भी शिक्षण संस्थान को निर्धारित नियमों एवं मानकों की अनदेखी करते हुए संचालित करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। इसी क्रम में उधमसिंह नगर के बाजपुर परगना क्षेत्र में प्रशासन ने आज पांच और मदरसों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया।
आज की कार्रवाई के तहत मदरसा गुलशन इस्लाम, कनोरा-बाजपुर, मदरसा जामिया हनकिया रजा उल उलूम, चकरपुर, मदरसा जामिया फातिमा जेहरा, जगन्नाथपुर-बाजपुर, मदरसा मोईनुल उलूम, मोहल्ला गांधीनगर, केलखेड़ा तथा मदरसा हुज्जतुल इस्लाम, गुमसानी रोड, बाजपुर को सील किया गया। प्रशासन की ओर से की गई यह कार्रवाई संबंधित संस्थानों के संचालन में आवश्यक मान्यता एवं निर्धारित नियमों और मानकों के अनुपालन से जुड़े मामलों की जांच के बाद की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए यह स्पष्ट किया है कि शिक्षण संस्थानों का संचालन निर्धारित कानूनी एवं प्रशासनिक प्रावधानों के अनुरूप होना चाहिए। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्धारित शैक्षणिक मानकों के अनुरूप वातावरण उपलब्ध हो तथा किसी भी संस्था को नियमों की अनदेखी कर मनमाने ढंग से संचालित करने की छूट न मिले।
इसी नीति के अनुरूप प्रशासन द्वारा बाजपुर क्षेत्र में संचालित संस्थानों की जांच और निरीक्षण की कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान जहां आवश्यक मान्यता अथवा निर्धारित मानकों के अनुपालन से संबंधित कमियां सामने आ रही हैं, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। आज पांच मदरसों को सील किया जाना भी इसी कार्रवाई का हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!