डीएम ने किया विद्यालयों का औचक निरीक्षण, परखी गुणवत्ता


हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय संख्या-3 ज्वालापुर और राजकीय प्राथमिक विद्यालय संख्या-18 कनखल का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, मध्याह्न भोजन, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया और पाठ्यक्रम, पढ़ाई तथा मिड-डे मील की गुणवत्ता की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्रत्येक शिक्षक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षकों को पूरी निष्ठा से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करने के निर्देश दिए। मिड-डे मील में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा भोजन में हरी सब्जियों को शामिल करने के निर्देश दिए। विद्यालय परिसर, कक्षाओं, शौचालयों और पेयजल व्यवस्था में स्वच्छता बनाए रखने को कहा। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि विद्यालय में 334 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जिनमें 204 उपस्थित मिले। 12 शिक्षक कार्यरत हैं, जबकि एक शिक्षक 4 फरवरी 2025 से अनुपस्थित है। डीएम ने अभिभावकों के साथ नियमित बैठकें करने तथा कमियों को प्राथमिकता से दूर करने के निर्देश दिए। पुराने भवनों के मरम्मत कार्य सीएसआर के माध्यम से कराने की कार्ययोजना बनाने को भी कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!