औचक निरीक्षण में एडीएम नाराज, दो शिक्षकों को नोटिस

टिहरी। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बुधवार को भिलंगना के राजकीय हाई स्कूल और प्राथमिक विद्यालय दोणी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षक उपस्थिति, अभिलेख, शिक्षण व्यवस्था और छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली। हाई स्कूल में प्रधानाचार्य का पद रिक्त मिलने पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक पत्रावली तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय में निरीक्षण के दौरान दोनों शिक्षक अनुपस्थित मिले, जिसके बाद कुछ समय में विद्यालय पहुंचे। इस पर एडीएम ने नाराजगी जताते हुए दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं होगी।
