15 लाख की धोखाधड़ी में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

देहरादून। सेलाकुई पुलिस ने 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में वांछित चल रहे शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार संजय कुमार निवासी बेरी, झज्जर हरियाणा ने 19 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी कि अरुण कुमार ने स्टोन क्रेशर की भुगतान राशि फर्म के खाते में जमा करने के बजाय अपने निजी खाते में डालकर करीब 15 लाख रुपये की हेराफेरी की। शिकायत के आधार पर थाना सेलाकुई में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम ने 22 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर अरुण कुमार (38) निवासी बेहट, सहारनपुर, हाल भाऊवाला, सेलाकुई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक अभियुक्त कहीं भागने की फिराक में था। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार्रवाई में महिला उपनिरीक्षक शशि राणा, अपर उपनिरीक्षक उमेद सिंह और कांस्टेबल संजीत कुमार शामिल रहे।
