ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करने के लिए योजनाओं का बेहतर कन्वर्जेंस जरूरी

पौड़ी। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने शनिवार को जिला मुख्यालय पौड़ी पहुंचकर अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में वीबी-जी रामजी योजना, मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पशुपालन, बांस मिशन और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास और स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाने के लिए योजनाओं का बेहतर कन्वर्जेंस जरूरी है। उन्होंने मनरेगा की लंबित देनदारियों का शीघ्र निस्तारण, अधिकाधिक मानव दिवस सृजन और नई योजना के प्रावधानों को जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। आपदा में क्षतिग्रस्त पुश्तों, सॉलिड वेस्ट और वाटरशेड मैनेजमेंट को भी योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने बांस और रिंगाल जैसे स्थानीय संसाधनों को व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़कर ग्रामीण आय बढ़ाने तथा पशुपालन को अन्य योजनाओं से जोड़कर रोजगार के नए अवसर विकसित करने के निर्देश दिए। कीवी उत्पादन और महिला स्वयं सहायता समूहों के स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत दूरस्थ गांवों को सड़क से जोड़ने के लिए चरण-4 में अधिक सड़कों को चिन्हित करने तथा वन भूमि संबंधी प्रस्तावों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
