कार्तिक स्वामी मंदिर क्षेत्र के विकास को लेकर डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने शनिवार को धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण कार्तिक स्वामी मंदिर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कनकचौरी से मंदिर तक पैदल चलकर मार्ग, मंदिर परिसर और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पैदल मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाने के साथ आवश्यक स्थानों पर ’’रेलिंग, साइनेज, डस्टबिन, पेयजल और रैन शेल्टर’’ की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मार्ग को बेहतर स्वरूप देने तथा जरूरत के अनुसार सीसी कार्य की संभावनाओं का भी जायजा लिया। मंदिर परिसर में उन्होंने स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं का चरणबद्ध विकास किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सामने आई जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा पूरे पैदल ट्रैक के व्यवस्थित विकास के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने मंदिर समिति पदाधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर क्षेत्र की समस्याएं भी जानीं। अधिकारियों को सभी चिन्हित कार्यों पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
