पौड़ी में जिलाधिकारी ने किया निर्वाचन कार्यालय का औचक निरीक्षण

पौड़ी। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने गुरुवार को जिला निर्वाचन कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विधानसभा क्षेत्रों में गणना प्रपत्रों, मतदाता सूची, बीएलओ एवं एईआरओ स्तर पर कार्रवाई और नोटिसों की सुनवाई की प्रगति जानी।
जिलाधिकारी ने एसआईआर प्रपत्रों का रेंडम चेक किया। कुछ नो-मैपिंग प्रपत्रों में बीएलओ एवं एईआरओ की रिपोर्ट संलग्न न होने पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सत्यापन एवं रिपोर्ट पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसआईआर कार्य में केवल संख्या नहीं, बल्कि प्रत्येक प्रपत्र की गुणवत्ता और प्रक्रिया की शुद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यमकेश्वर व श्रीनगर के ईआरओ तथा बीएलओ से फोन पर वार्ता कर निर्धारित प्रारूप में प्रपत्र भेजने और नोटिसों की सुनवाई प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। चौबट्टाखाल व कोटद्वार में कार्यों की सराहना करते हुए बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा।
