युवती को फायर वुमैन ने कंधे पर उठाकर पहुंचाया अस्पताल

चमोली। बद्रीनाथ मंदिर में दर्शन के दौरान राजस्थान से आई 17 वर्षीय युवती अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। मंदिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात फायर वुमैन रश्मि और पूजा ने तत्परता दिखाते हुए युवती को कंधे पर उठाकर तत्काल नजदीकी चिकित्सालय पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने से युवती की हालत में सुधार हुआ और वह पूरी तरह स्वस्थ हो गई। इसके बाद उसे सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बेटी को सुरक्षित देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली। उन्होंने फायर वुमैन रश्मि और पूजा का आभार जताते हुए चमोली पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की तत्परता की सराहना की।
