लंबित ऋण प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करें बैंक: डीएम


पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिला स्तरीय सलाहकार एवं समीक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने वित्तीय समावेशन, ऋण वितरण, स्वरोजगार एवं केंद्र-राज्य प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने बैंकों को लंबित ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने तथा कृषि, स्वरोजगार एवं अन्य उत्पादक गतिविधियों के लिए ऋण वितरण बढ़ाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जिले के सीडी रेशियो को निर्धारित 40 प्रतिशत तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा।
उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड के लक्ष्य न्याय पंचायतवार तैयार कर बैंक शाखाओं से साझा करने तथा अधिक से अधिक किसानों को संस्थागत ऋण से जोड़ने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, फसल बीमा, मुख्यमंत्री स्वरोजगार, पीएम स्वनिधि, होम स्टे एवं वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के लंबित प्रकरणों का भी शीघ्र निस्तारण करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी आवेदन को अस्वीकृत करने पर आवेदक को स्पष्ट कारण बताया जाए। आरसेटी प्रशिक्षण के बाद लाभार्थियों का नियमित फॉलोअप कर स्थायी स्वरोजगार एवं आय वृद्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक बैंक शाखा को प्रतिमाह कम से कम एक वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित करने को कहा। बैठक में कुछ बैंक प्रतिनिधियों की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!