अगस्त क्रांति दिवस पर कांग्रेस सेवादल ने निकाली तिरंगा यात्रा
देहरादून। अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश एवं प्रदेश सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर कार्यकर्ताओं ने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘अगस्त क्रांति अमर रहे’ के नारों से माहौल देशभक्तिमय हो गया।
तिरंगा यात्रा से पूर्व प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में ध्वज वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। उपस्थित कांग्रेसजनों ने राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों को नमन किया। हेमा पुरोहित ने कहा कि अगस्त क्रांति दिवस उस ऐतिहासिक आंदोलन की याद दिलाता है, जब महात्मा गांधी के नेतृत्व में देशवासियों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ‘करो या मरो’ का संकल्प लिया था। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर आज संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक सद्भाव और देश की एकता की रक्षा के लिए कार्य करने की आवश्यकता है। कार्यक्रम का संचालन गोपाल सिंह गाड़िया ने किया। इस अवसर पर सुनील प्रधान, सावित्री थापा, पंकज क्षेत्री, शार्दुल नेगी, करतार नेगी, संजीव भट्ट, रेणु चुनारा, योगिता बिष्ट, मुक्ता सहगल, मंजू चौहान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
