हाईवे पर उमड़ा डाक कांवड़ियों का जनसैलाब, 3.80 करोड़ पहुंचा शिवभक्तों का आंकड़ा

हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के 11वें दिन हरिद्वार में डाक कांवड़ यात्रा के दौरान आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मेला कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार रविवार को 60 लाख 70 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक हरिद्वार से कुल 3 करोड़ 80 लाख 18 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। डाक कांवड़ के साथ ही हरिद्वार के प्रमुख घाटों और कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बनी हुई है। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात है। स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी लगातार निगरानी की जा रही है। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार ड्यूटी पर तैनात हैं। प्रशासन ने शिवभक्तों से निर्धारित मार्गों का पालन करने तथा पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की है। साथ ही स्वच्छ एवं सुरक्षित कांवड़ यात्रा में सहयोग करने का आह्वान किया गया है।

शिवभक्तों ने की व्यवस्थाओं की सराहना
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा अंतिम चरण में पहुंचने के साथ ही हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में शिवभक्तों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विभिन्न विभागों द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश बिश्नोई ने बताया कि कांवड़ पटरी मार्ग एवं विभिन्न पड़ावों पर कांवड़ियों के लिए पर्याप्त शौचालय और स्नान की व्यवस्था की गई है। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। हरियाणा के पानीपत से कांवड़ यात्रा पर पहुंचे शिवभक्तों ने स्नान और शौचालयों में बेहतर साफ-सफाई की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए जिला प्रशासन और जिला पंचायत का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लंबी यात्रा के बीच बेहतर सुविधाएं मिलने से उन्हें काफी राहत मिल रही है।

कांवड़ यात्रा में 1.93 लाख शिवभक्तों का निशुल्क उपचार
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा पर आने वाले शिवभक्तों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कांवड़ पटरी मार्ग सहित 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के 11वें दिन विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों में 31,739 शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया गया। अब तक कुल 1,93,374 शिवभक्तों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है।

कांवड़ियों की सेवा में जुटी पुलिस और प्रेस क्लब
लक्सर। हरिद्वार गंगाजल लेने के लिए लक्सर से होकर गुजर रहे कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए लक्सर कोतवाली पुलिस और लक्सर प्रेस क्लब एसोसिएशन की ओर से कोतवाली मोड़ पर सेवा शिविर लगाया गया। शिविर में पुलिसकर्मियों और प्रेस क्लब सदस्यों ने शिवभक्तों को सूक्ष्म जलपान एवं प्रसाद वितरित किया। लंबी यात्रा के दौरान जलपान मिलने से कांवड़ियों ने राहत महसूस की और सेवा में जुटे लोगों का आभार जताया।

पैदल मार्ग पर श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ी
पौड़ी। श्री नीलकंठ कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए पुलिस मुस्तैदी से ड्यूटी निभा रही है। इसी क्रम में मेरठ के मोदीपुरम निवासी विजय कुमार की पैदल यात्रा मार्ग पर अचानक तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात रिक्रूट कांस्टेबल राजेश राणा ने तत्परता दिखाते हुए श्रद्धालु को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र नीलकंठ पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। समय पर चिकित्सा सहायता मिलने के बाद विजय कुमार की हालत सामान्य हो गई।

कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर एसएसपी की पैनी नजर
टिहरी। श्रावण कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर एसएसपी टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे लगातार निगरानी कर रही हैं। रविवार को उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से की जा रही मॉनिटरिंग का जायजा लिया। उन्होंने प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थलों, पार्किंग एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। भीड़ बढ़ने या यातायात बाधित होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

नीलकंठ में कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाएं चाकचौबंद
पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों और जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की निगरानी में नीलकंठ क्षेत्र में कांवड़ यात्रियों के लिए सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता और यातायात की पुख्ता व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा मार्ग पर सड़क सुधार के लिए पांच जेसीबी 24 घंटे तैनात हैं। आठ मेडिकल रिलीफ पोस्ट, 36 स्वास्थ्यकर्मी और सात एंबुलेंस श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं। अब तक 22,750 श्रद्धालुओं को चिकित्सा सेवाएं दी जा चुकी हैं। पेयजल के लिए 18 स्टैंड पोस्ट और सात टैंकर लगाए गए हैं। स्वच्छता के लिए 50 सफाईकर्मी, कूड़ा वाहन और कूड़ेदान तैनात हैं।

गंगोत्री धाम में कांवड़ियों की भारी भीड़, पुलिस अलर्ट
उत्तरकाशी। कांवड़ यात्रा के पीक पर पहुंचने के साथ गंगोत्री धाम में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। अब तक 60 हजार से अधिक कांवड़िये गंगाजल लेकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए एसपी कमलेश उपाध्याय ने गंगोत्री धाम में कैंप कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की कमान संभाली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन, यातायात नियमन और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के निर्देश दिए। गंगोत्री में ड्रोन व सीसीटीवी से निगरानी, पार्किंग एवं बैरियर व्यवस्था मजबूत की गई है। पापड़गाड और भटवाड़ी के भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
