कुंभ-2027 की तैयारियों को मिलेगी रफ्तार, गुणवत्ता से तय समय पर पूरे होंगे सभी निर्माण कार्य: मेलाधिकारी

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने कांवड़ मेला समाप्त होते ही सभी विकास परियोजनाओं को युद्धस्तर पर आगे बढ़ाने की तैयारी कर ली है। इसी क्रम में बुधवार को मेलाधिकारी सोनिका ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं तथा कांवड़ मेला समाप्त होते ही सभी निर्माण स्थलों पर पूर्ण क्षमता के साथ कार्य शुरू कर दिया जाए।
मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ से जुड़े सभी स्थायी और अस्थायी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी तथा प्रत्येक प्रमुख परियोजना की थर्ड पार्टी गुणवत्ता जांच अनिवार्य रूप से कराई जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए बनाए जा रहे पांच नए पुलों की गुणवत्ता का परीक्षण आईआईटी रुड़की से भी कराया जाएगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने के साथ स्टील स्ट्रक्चर निर्माण की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
बैठक में बस अड्डों और पार्किंग स्थलों के निर्माण, प्रमुख चौराहों के सुधार, पैदल मार्गों, फसाड लाइटिंग, शहर के सौंदर्यीकरण तथा कुंभ शिविरों के लिए चिन्हित भूमि के समतलीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई। मेलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वर्षाकाल समाप्त होते ही इन कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि आगामी निर्माण गतिविधियां बिना किसी विलंब के पूरी हो सकें। उन्होंने सभी सड़कों, पुलों, घाटों और अन्य परियोजनाओं के साथ व्यापक पौधारोपण कराने, हरित आवरण बढ़ाने तथा अतिक्रमण हटाने के भी निर्देश दिए। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि संबंधित एजेंसियां अतिक्रमण नहीं हटाएंगी तो उनका भुगतान रोक दिया जाएगा। साथ ही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए प्रभावी जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, वित्त नियंत्रक लखेन्द्र गौंथियाल, तकनीकी सेल के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
