कांवड़ यात्रा और मानसून को लेकर एसपी ने किया गंगोत्री हाईवे का निरीक्षण

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / मोहन सिंह राणा,

उत्तरकाशी। कांवड़ यात्रा और मानसून के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने मंगलवार को गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग, कांवड़ यात्रा मार्ग तथा भटवाड़ी स्थित पापड़गाड़ भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
उन्होंने बीआरओ अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को मार्ग को शीघ्र सुचारु करने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने तथा सुरक्षात्मक उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस, प्रशासन और बीआरओ के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी जोखिम की स्थिति में तत्काल यातायात रोका जाए और कंट्रोल रूम को तुरंत सूचना दी जाए। आवश्यकता पड़ने पर शटल सेवा और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी समयबद्ध रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने पुलिस अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों और चारधाम श्रद्धालुओं के साथ सुविधा, सुरक्षा एवं सम्मान की भावना से व्यवहार करने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ओवरलोडिंग, ओवरहाइट, ध्वनि प्रदूषण करने वाले वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, वाहनों की नियमित जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार, प्रभारी निरीक्षक दीपक नौटियाल, चौकी प्रभारी अजय रावत, बीआरओ के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!