बिछड़ी बच्ची को टिहरी पुलिस ने परिजनों से मिलाया

टिहरी। कांवड़ मेला-2026 के दौरान जानकी सेतु स्थित खोया-पाया केंद्र की तत्परता से अपने परिजनों से बिछड़ी तीन वर्षीय बच्ची को सकुशल उसके माता-पिता से मिला दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में पुलिस टीम ने बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लेकर सार्वजनिक उद्घोषणा और खोया-पाया तंत्र के माध्यम से उसके परिजनों की तलाश शुरू की। त्वरित प्रयासों से हरियाणा के भिवानी निवासी बच्ची के माता-पिता का पता चल गया। आवश्यक सत्यापन के बाद बच्ची को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बेटी को सकुशल पाकर परिजनों ने टिहरी पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
