विशेष गहन पुनरीक्षण की समीक्षा कर दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
टिहरी। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दावे एवं आपत्तियों का पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि जनपद की छह विधानसभा क्षेत्रों में 994 मतदान केंद्रों पर पुनरीक्षण कार्य जारी है। अब तक 1.17 लाख नोटिस जारी किए गए, जिनमें से 92,473 नोटिस मतदाताओं तक पहुंच चुके हैं। दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई के लिए 72 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी ने पात्र मतदाताओं से निर्धारित अवधि में आवश्यक आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की।
नोटिस सुनवाई का एडीएम ने किया निरीक्षण
रुद्रप्रयाग। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्याम सिंह राणा ने रुद्रप्रयाग विधानसभा के मतदेय स्थल संख्या-159 घोलतीर का निरीक्षण कर नोटिस सुनवाई प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से नोटिस वितरण, प्राप्त दावों एवं आपत्तियों और उनके निस्तारण की प्रगति की जानकारी ली। एडीएम ने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मतदाताओं से अपील की कि वे किसी भी दावा या आपत्ति के लिए निर्धारित अवधि में बीएलओ या निर्वाचन कार्यालय के माध्यम से आवेदन अवश्य करें।

एसआईआर अभियान पर राजनीतिक दलों के साथ की बैठक
चमोली। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान को लेकर अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक प्रकाश की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उन्होंने मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने में राजनीतिक दलों व बूथ लेवल एजेंटों की सक्रिय भूमिका पर जोर देते हुए अभियान में सहयोग की अपील की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा नोटिस वितरण और दावे-आपत्तियों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता व समयबद्धता से किया जाए। जनपद में अब तक 63,347 नोटिस जारी किए जा चुके हैं और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुनवाई जारी है।

दावे-आपत्तियों की सुनवाई का डीएम ने किया निरीक्षण
चमोली। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र के सगर स्थित सुनवाई केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को दावे और आपत्तियों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने सभी पात्र मतदाताओं की शत-प्रतिशत मैपिंग, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा सुनवाई केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
