नाबालिग के अपहरण का सनसनीखेज खुलासा, मां ने ही डेढ़ लाख में किया था बेटी का सौदा


देहरादून। दून पुलिस ने नाबालिग युवती के कथित अपहरण मामले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए पीड़िता की मां समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आर्थिक तंगी के चलते मां ने अपनी 15 वर्षीय बेटी का डेढ़ लाख रुपये में सौदा किया था। पूरी रकम नहीं मिलने और पकड़े जाने के डर से उसने अपहरण की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल जांच के आधार पर मुजफ्फरनगर से नाबालिग को सकुशल बरामद किया। इस दौरान मनीष, लवी कुमार, पिंकी मलिक और पीड़िता की मां नीलम देवी को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि पिंकी मलिक ने नाबालिग को उसकी मां से डेढ़ लाख रुपये में लिया और बाद में लवी कुमार के माध्यम से दो लाख रुपये में मनीष को बेच दिया, जिसने विवाह के उद्देश्य से युवती को खरीदा था। सौदे की पूरी रकम न मिलने पर मां ने बेटी के अपहरण की झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने विवेचना के दौरान भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के साथ पॉक्सो अधिनियम की धाराएं भी बढ़ा दी हैं। मामले में सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं वे पहले भी मानव तस्करी या नाबालिगों की खरीद-फरोख्त जैसे मामलों में शामिल तो नहीं रहे हैं। पुलिस ने बताया कि पूरे प्रकरण की हर कड़ी को जोड़ते हुए इस संगठित अपराध का पर्दाफाश किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!