दून पुलिस ने स्कूली छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत कालसी थाना परिसर में एकलव्य रेजिडेंशल स्कूल के छात्र-छात्राओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा विभिन्न अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। साथ ही थाने की कार्यप्रणाली, नागरिकों के अधिकार एवं कर्तव्यों तथा आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों से भी अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने कानून और अपराध से जुड़े सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल भाषा में जवाब दिया। पुलिस ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं में कानून के प्रति सम्मान, सामाजिक जिम्मेदारी और अपराधों के प्रति जागरूकता विकसित करना है।
