नीलकंठ पैदल मार्ग पर बेहोश हुई नेपाल की महिला श्रद्धालु

पौड़ी। नीलकंठ महादेव मंदिर के पैदल मार्ग पर नेपाल से दर्शन के लिए आई महिला श्रद्धालु अनुपी देवी की अचानक तबीयत बिगड़ने पर पुलिस और एसडीआरएफ ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें समय पर राहत पहुंचाई। तोली मंदिर गेट के समीप महिला बेहोश होकर गिर पड़ी थीं। सूचना मिलते ही दोनों टीमों ने मौके पर पहुंचकर प्राथमिक उपचार दिया और उन्हें सुरक्षित निकटवर्ती स्वास्थ्य शिविर पहुंचाया। चिकित्सकों की देखरेख में उपचार मिलने के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ। कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें पैदल मार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर लगातार मुस्तैद हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। पुलिस ने श्रद्धालुओं से स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर तुरंत सहायता लेने की अपील की।
