गढ़वाल आयुक्त ने जनता मिलन में सुनीं 80 शिकायतें, लंबित मामलों पर जताई सख्ती

टिहरी। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में 80 शिकायतें एवं मांगपत्र प्राप्त हुए। अधिकांश मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया। आयुक्त ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय को सार्वजनिक हेल्पलाइन जारी करने और शिकायतों का विश्लेषण करने को कहा। जनता मिलन में पुनर्वास, मुआवजा, सड़क, पेयजल, विद्युत, आवास, राशन, किसान सम्मान निधि, विवाह अनुदान और दिव्यांग प्रमाण पत्र से जुड़े मामले उठे। आयुक्त ने सभी विभागों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में डीएम ने 109 फरियादियों की सुनी समस्याएं
देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समाधान दिवस में 109 फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, सीमांकन, पारिवारिक विवाद, मुआवजा, आर्थिक सहायता और पेयजल जैसी समस्याएं प्रमुख रहीं।
जिलाधिकारी ने 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की सुरक्षा संबंधी शिकायत पर महिला सेल को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। डोईवाला-थानों मार्ग पर बस सेवा नहीं होने के मामले में एसीईओ को तलब किया गया, जबकि लखवाड़ बांध परियोजना से जुड़े अनुदान भुगतान में देरी पर अधिशासी अभियंता से तत्काल आख्या मांगी गई।

जिलाधिकारी ने सुनीं 23 शिकायतें, कई मामलों का मौके पर निस्तारण
पौड़ी। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने 23 जनशिकायतों की सुनवाई कर कई मामलों का मौके पर निस्तारण किया, जबकि शेष शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए। ग्राम थापली की महिलाओं द्वारा पेयजल समस्या उठाने पर जल संस्थान को तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन व अन्य माध्यमों से प्राप्त लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक शौचालयों में नियमित साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

जन सुनवाई में 31 शिकायतें दर्ज, 14 का मौके पर निस्तारण
रुद्रप्रयाग। मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जन सुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 31 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें से 14 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। जन सुनवाई में प्रधानमंत्री आवास योजना, भू-धंसाव, आवास सुरक्षा, रेलवे निर्माण से क्षतिग्रस्त मकानों के विस्थापन, पेड़ हटाने की अनुमति तथा भारी बारिश से प्रभावित आजीविका जैसे मामले प्रमुख रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 45 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पेयजल समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने पर जोर दिया। जनता मिलन में भूमि पर अवैध कब्जा, रास्ता, विस्थापन, विद्युत लाइन, नाली निर्माण, खाता-खतौनी संशोधन और पेयजल संकट सहित विभिन्न मामलों पर सुनवाई हुई।
