नशामुक्त युवा-विकसित भारत अभियान का शुभारंभ

उत्तरकाशी। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के राष्ट्रव्यापी नशामुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत रविवार को उत्तरकाशी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशामुक्त भारत विषयक वर्चुअल संबोधन का सामूहिक श्रवण कराया गया। मुख्य कार्यक्रम श्रीमती मंजीरा देवी विश्वविद्यालय, हीटाणु (डुण्डा) में आयोजित हुआ, जहां सैकड़ों विद्यार्थियों, शिक्षकों और नागरिकों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि 2 से 14 अगस्त तक जनपद के विद्यालयों, महाविद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं में नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। वक्ताओं ने युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में गायत्री परिवार, पुलिस विभाग और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए जनसहभागिता पर जोर दिया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशामुक्त उत्तरकाशी-विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की शपथ ली।
