सौंग बांध परियोजना का एडीएम ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश

टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने निर्माणाधीन सौंग बांध परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों, पुनर्वास व्यवस्था और भूमि अधिग्रहण की प्रगति का जायजा लिया। समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि परियोजना से टिहरी के तीन और देहरादून का एक गांव प्रभावित हो रहा है। कुल 10.560 हेक्टेयर भूमि प्रभावित होने के साथ 76 परिवार पूर्ण एवं 268 परिवार आंशिक रूप से प्रभावित हैं। परियोजना की जद में 61 आवासीय भवन और 33 गौशालाएं भी आ रही हैं।
अधिकारियों ने बताया कि पूर्ण प्रभावित गांवों के पुनर्वास प्रस्ताव स्वीकृत हो चुके हैं तथा मुआवजा वितरण की प्रक्रिया जारी है। लगभग 2100 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में 133 मीटर ऊंचे बांध का निर्माण किया जा रहा है। मालदेवता से बांध स्थल तक 10.50 किमी एप्रोच रोड बन चुकी है, जबकि अन्य सड़क कार्य प्रगति पर हैं। एडीएम ने पुनर्वास, मुआवजा वितरण और निर्माण कार्यों को गुणवत्ता व पारदर्शिता के साथ तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
