स्मार्ट सोलर बिन से स्वच्छता को मिलेगी नई पहचान, निगम का सफल ट्रायल


हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के दौरान नगर निगम हरिद्वार ने स्वच्छता प्रबंधन में आधुनिक तकनीक का प्रयोग करते हुए स्मार्ट सोलर सेंसर कॉम्पैक्ट बिन का ट्रायल शुरू किया है। नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देश पर जे.डी.ई. वेलफेयर सोसायटी द्वारा विकसित यह डस्टबिन सेंसर तकनीक से लैस है, जो व्यक्ति के सामने आते ही स्वतः खुलता और कचरा डालने के बाद स्वतः बंद हो जाता है।
इस स्मार्ट बिन की सबसे बड़ी विशेषता इसका ऑटोमैटिक कॉम्पैक्शन सिस्टम है, जो कचरे को दबाकर कम स्थान में अधिक संग्रहण की सुविधा देता है। पूरी तरह सोलर ऊर्जा से संचालित यह डस्टबिन बाहरी बिजली पर निर्भर नहीं है और इसकी मजबूत संरचना आवारा पशुओं द्वारा कचरा फैलाने से भी रोकती है। कांवड़ पटरी पर चल रहे ट्रायल को श्रद्धालुओं से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। नगर निगम का कहना है कि ट्रायल सफल रहने पर इसे शहर के प्रमुख बाजारों, घाटों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर भी स्थापित किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील मलिक, संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक रूपाली सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही। यह पहल स्वच्छ, तकनीक-सक्षम और पर्यावरण अनुकूल हरिद्वार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!