कांवड़ मेले से पहले नरेंद्रनगर में होटल-ढाबों का फायर ऑडिट

टिहरी। कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए नरेंद्रनगर क्षेत्र में होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अस्थायी पंडालों का फायर ऑडिट किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी शंकर चंद रमोला के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास, विद्युत वायरिंग, गैस सिलेंडरों के सुरक्षित उपयोग तथा अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। जिन प्रतिष्ठानों में कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। साथ ही संचालकों और कर्मचारियों को अग्निकांड से बचाव, अग्निशमन उपकरणों के उपयोग, गैस रिसाव की स्थिति में सावधानियां तथा आपातकालीन सूचना प्रणाली की जानकारी दी गई। पुलिस और फायर सर्विस ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है और सभी प्रतिष्ठान संचालकों से अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की अपील की गई है।
