कांवड़ मेले की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता, अपराध नियंत्रण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त


पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने कोतवाली लक्ष्मणझूला में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले का सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित संचालन पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा सभी अधिकारी पूरी सतर्कता, जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
बैठक में वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी, मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी, साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा मुख्यालय स्तर से संचालित अभियानों की प्रगति की समीक्षा की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ऑपरेशन स्माइल, नशा विरोधी अभियान और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने, गैर-जमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने तथा अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए साइबर प्रकोष्ठ को अधिक सक्रिय बनाने, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल गिरफ्तारी, निवेश धोखाधड़ी तथा सामाजिक माध्यमों से जुड़े अपराधों के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया। साथ ही महिला सुरक्षा, किरायेदार सत्यापन, होटल, धर्मशालाओं और अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों की नियमित जांच तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान बताया गया कि प्राप्त 536 शिकायतों में से 487 का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि शेष 49 शिकायतों के शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!