हिमालयन घुरल का अवैध शिकार करने वाला गिरफ्तार

रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। वन विभाग ने हिमालयन घुरल के अवैध शिकार के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बृजमोहन नेगी, निवासी ग्राम राऊलैंक, को गिरफ्तार किया। उप प्रभागीय वनाधिकारी डी.एस. पुंडीर ने बताया कि आरोपी ने अपने घर पर घुरल का मांस पकाने की बात स्वीकार की। यह कृत्य वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 (संशोधित 2022) की धारा 9, 39 और 44 के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। कार्रवाई में वन क्षेत्राधिकारी गुप्तकाशी, वन दरोगा अभिषेक नेगी, वन आरक्षी कुलजीत सिंह और अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
