देहरादून में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, पांच तस्कर गिरफ्तार

सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून। मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान और ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पांच शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार पेटी से अधिक अंग्रेजी व देशी शराब, 60 लीटर कच्ची शराब बरामद की तथा तस्करी में प्रयुक्त एक कार और एक मोटरसाइकिल को सीज कर दिया।

कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने अशोक कुमार सिंह और रामपाल को गिरफ्तार कर 192 पव्वे अंग्रेजी शराब तथा 24 ट्रेटा पैक देशी शराब बरामद की। वहीं रायवाला पुलिस ने सौंग नदी पुल के पास महेंद्र सिंह को 50 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। विकासनगर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में आसिफ और अर्जुन को पांच-पांच लीटर, कुल 10 लीटर कच्ची शराब के साथ दबोचा। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

10 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, कार सीज
देहरादून। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत डोईवाला पुलिस ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 1.25 लाख रुपये कीमत की 10 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त नेक्सॉन कार भी सीज कर दी। पुलिस के अनुसार लच्छीवाला डायवर्जन मार्ग पर चेकिंग के दौरान संजय सिंह (47), निवासी कैलाश गेट, मुनिकीरेती (टिहरी गढ़वाल) को कार संख्या यूके-14-के-9646 से 120 बोतल ले जाते हुए पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ डोईवाला कोतवाली में आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

10 लीटर कच्ची शराब के साथ युवक गिरफ्तार
उत्तरकाशी। अवैध कच्ची शराब के खिलाफ अभियान चलाते हुए मोरी पुलिस ने 10 लीटर कच्ची शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 19 जुलाई को कार्रवाई के दौरान अमृत बहादुर को 10 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ पकड़ा गया। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना मोरी में आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। कार्रवाई पुलिस टीम में एएसआई रघुवीर सिंह, कांस्टेबल विशन, महिदेव सिंह और कविंद्र सिंह शामिल रहे।
